जीवन लाल राठौड़, सारंगी

सारंगी चौकी पुलिस ने गुरुवार को कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 175.68 बल्क लीटर अवैध शराब तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 5,17,648 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, तड़के मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदनावर-भैंसोला की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब भरकर पिपली पाडा-डाबड़ी मार्ग से लाई जा रही है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक देवरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिपली पाडा नहर की पुलिया पर नाकाबंदी कर वाहन की चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार GJ-04-BE-8130 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें लंदन प्राइड व्हिस्की की 12 पेटियां एवं माउंट बीयर 6000 की 6 पेटियां बरामद हुईं। मामले में अमित पिता सुखराम भाबर (25) निवासी छायन पाडा को गिरफ्तार किया गया है, जबकि प्रकाश पिता देवराम डामर निवासी रेला मोहनपुरा फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 36 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया सहित सारंगी चौकी की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *