ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित, संकल्प से समाधान का दिया संदेश

0

आलीराजपुर। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला अलीराजपुर द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय संगोष्ठी एवं ग्राम विकास पखवाड़ा का शुभारंभ 14 जनवरी 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), अलीराजपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। मंचासीन अतिथियों में श्री ओम शर्मा (राष्ट्रीय सह-संयोजक, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं कार्यपरिषद सदस्य, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय), श्री राजकुमार देवल (सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्रांत संयोजक – पर्यावरण, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास), श्री राकेश कुमार यादव (वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र अलीराजपुर), सुश्री निर्मला कलमे (डिप्टी कलेक्टर), श्री कृष्णपाल सिंह यादव (विभाग संगठन मंत्री, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद), श्री के.सी. सिसोदिया (व्याख्याता, डाइट), श्री दीपक जगताप (जिला समन्वयक), एडवोकेट श्री सुधीर जैन (सामाजिक कार्यकर्ता) सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथि परिचय एवं स्वागत के पश्चात जिला समन्वयक दीपक जगताप ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ग्राम विकास पखवाड़ा के अंतर्गत परिषद के नेटवर्क की सहभागिता से ग्राम चौपाल, ग्राम रैली, सामूहिक श्रमदान एवं पारिवारिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, स्वदेशी भावना, नागरिक सेवा, शिक्षा एवं संस्कार, नशामुक्त समाज तथा गौ-संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान “संकल्प से समाधान” की दिशा में ग्राम स्तर से परिवर्तन लाने का प्रयास है।

पर्यावरण विषय पर बोलते हुए राजकुमार देवल ने कहा कि मानव शरीर पंचतत्व—पृथ्वी, अग्नि, वायु, जल एवं आकाश—से निर्मित है और इनमें असंतुलन होने पर व्यक्ति बीमार हो जाता है। उन्होंने कहा कि इन पंचतत्वों का सीधा संबंध हरियाली से है। हमें न केवल पेड़-पौधों बल्कि घास के तिनकों के महत्व को भी समझना होगा और अपने आसपास की हरियाली को नष्ट नहीं करना चाहिए।

इसके पश्चात वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक राकेश कुमार यादव ने कहा कि अलीराजपुर जिले की मिट्टी सभी प्रकार की फसलों के लिए अनुकूल है। महुआ, बेर, सीताफल, आम जैसे प्राकृतिक संसाधनों से वर्षभर आय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कृषि से जुड़े सहायक उद्यमों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

डिप्टी कलेक्टर निर्मला कलमे ने नवांकुर संस्थाओं के सदस्यों से उनके क्षेत्रों में किए गए विशिष्ट कार्यों की जानकारी ली और कहा कि कक्षा पाँचवीं के बाद विद्यालय छोड़ चुके बच्चों के अभिभावकों को समझाइश देकर बच्चों का पुनः विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। जो बच्चे विद्यालय नहीं जाना चाहते, उन्हें प्रेरित कर शिक्षा से जोड़ा जाना आवश्यक है।

मुख्य वक्ता ओम शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें अपने इतिहास और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ना होगा। जब हम अपना नाम नहीं बदल सकते, तो अपने देश का नाम ‘भारत’ कहने में संकोच क्यों। उन्होंने भारतीय शब्दों और मूल्यों के प्रयोग पर जोर देते हुए अलीराजपुर को ‘आलिराजपुर’ किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मातृशक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यदि महिलाएँ संकल्प ले लें, तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है। उन्होंने राष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों के साहसिक प्रयासों का उदाहरण देकर प्रेरणा दी। आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं के पैरों पर खड़े होंगे, तभी आगे बढ़ सकेंगे। मकर संक्रांति एवं युवा दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी से संकल्प से समाधान की भावना के साथ उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कीमत चुकानी पड़ती है, जबकि मूल्य स्थापित किए जाते हैं। स्वामी विवेकानंद जी के विचारों का स्मरण करते हुए उन्होंने युवाओं से धर्म, संस्कृति और मूल्यों को अपनाते हुए समाजहित में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों को ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री नगरिया सस्तिया, श्री रामसिंह निगवाल, समस्त परामर्शदाता, नवांकुर संस्थाएं, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन वंदना वर्मा एवं नीरजा चंदेल द्वारा किया गया तथा आभार विकासखंड समन्वयक श्री नगरिया सस्तिया द्वारा व्यक्त किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.