झकनावदा से जितेन्द्र राठौर की रिपोर्ट: कानून के लंबे हाथ से कोई नहीं बच सकता। यह बात एक बार फिर सटीक साबित हो गई। इस बार 19 साल तक पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के बाद एक बदमाश आखिर पकड़ा गया। वह चोला बदलकर रह रहा था, लेकिन फिर भी पुलिस ने आखिर उसे ढूंढ ही निकाला। मामला झाबुआ का है जहां हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और बलवे जैसे गंभीर मामलों में पुलिस को 19 साल से गंजी भूरिघाटी की तलाश थी। रायपुरिया थाने की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। शुरूआती वर्षों में जब वह नहीं मिला तो उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी हो गया। इसके बाद शायद पुलिस भी भूल गई और गंजी भूरिघाटी भी बेफ्रिक हो गया, लेकिन हाल ही में पुलिस को उसके बारे में मुखबिर के जरिए बेहद पुख्ता और सटीक जानकारी मिली। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने धार जिले के लाबरिया में छापा माकर गंजी भूरिघाटी को धरदबोचा। गंजी भूरिघाटी 19 साल से फरार था और पुलिस की नजरों से बचने के लिए उसने अपना रूपरंग भी बदल लिया था। फिर भी पुलिस के पंजे से वह बच नहीं सका। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है कि वह इतने समय तक कहां रहा और क्या रूप बदल लेने के बाद वह दूसरी जगहों पर भी आपराधिक वारदातों में लिप्त रहा है। गंजी भूरिघाटी के खिलाफ झाबुआ जिले के रायपुरिया थाने के अलावा झकनावदा चौकी पर कई धाराओं में प्रकरण दर्ज है। इसके अलावा धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र में भी उसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। Post navigation बस हादसे में जिनकी जान गई उनकी पूरी सूची सबसे पहले सबसे तेज़ स्वाइन फ्लू के झाबुआ अंचल में दस्तक देने की आशंका, एक संदिग्ध महिला की मौत