पिछले डेढ़ सप्ताह के दौरान मध्यप्रदेश को तीन-चार क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना अंतर्गत पांच जिलों; डिंडोरी, सीधी, उमरिया, टीकमगढ़ और शहडोल में बेहतर प्रदर्शन के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही, राष्ट्रीय पोषण माह में मध्यप्रदेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, स्टेट टूरिज्म ऑफ इंडिया पुरस्कार भी मध्यप्रदेश के पर्यटन विभाग को प्राप्त हुआ। इसी क्रम में, पन्ना जिले के युवा श्री अजय अहिरवार ने विश्व कौशल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे आईटीआई में मेसनरी (राजमिस्त्री) ट्रेड के प्रशिक्षु हैं और ईंट जोड़ने की कौशल प्रतियोगिता में भारत में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने विश्व कौशल प्रतियोगिता में भाग लेकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। – श्री चैतन्य काश्यप, कैबिनेट मंत्री ————- नर्मदा घाटी विकास की चार परियोजनाएं, जो वर्ष 2019-20 के आसपास से संचालित हो रही थीं, उनकी निरंतरता बनाए रखने के प्रस्तावों को कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान की है। इन चारों सिंचाई परियोजनाओं की कुल लागत ₹3,378 करोड़ है। ये परियोजनाएं छिंदवाड़ा, मुरैना, सागर और सिवनी जिलों से संबंधित हैं। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की 7 योजनाओं के लिए कुल ₹651 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त, नवगठित निवाड़ी, मऊगंज, पांढुर्णा और मैहर जिलों में जिला शिक्षा कार्यालयों के संचालन को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इन चारों नए जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षा विभाग के कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए इन कार्यालयों की स्वीकृति प्रदान की गई है। – श्री चैतन्य काश्यप, कैबिनेट मंत्री ————- वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। आज कैबिनेट की बैठक में किसान कल्याण से संबंधित विभागों द्वारा इस विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए संकल्पित है। इसी दिशा में किसानों के हितों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के 12 जिलों को 80% से कम बोआई अथवा अल्पवर्षा के कारण संभावित रूप से प्रभावित जिलों के रूप में चिह्नित किया गया है। ऐसे प्रभावित जिलों के किसानों को स्थानीय स्तर पर राहत उपलब्ध कराने के साथ ही राज्य सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। – श्री चैतन्य काश्यप, कैबिनेट मंत्री Post navigation सीएम डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में विकास कार्यों की दी सौगात, कार्यक्रम से पहले किया प्रदर्शनी का अवलोकन