जितेंद्र वाणी, नानपुर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत अभियान के चतुर्थ दिवस पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के थाना नानपुर, बोरी, आजाद नगर, सोरवा एवं सोण्डवा क्षेत्रों में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य सामुदायिक क्षेत्रों में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, निवेश संबंधी धोखाधड़ी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। थाना नानपुर द्वारा विशेष साइबर जागरूकता रैली (साइबर रथ रैली) का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई। जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती रहेंगी। Post navigation व्यापारी मोहम्मदी भाई शेख़ अकबर अली भाई मर्चेंट का इंतकाल, गांव में शोक की लहर नानपुर में झमाझम बारिश से किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, रहवासी क्षेत्र में हुआ जलभराव