जितेंद्र वाणी, नानपुर समीपस्थ ग्राम सेजगांव स्थित नदी में डूबे 26 वर्षीय युवक की तलाश के लिए शुक्रवार सुबह से प्रशासन और पुलिस द्वारा सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। नदी में पानी अत्यधिक गहरा होने के कारण अब एक नाव की मदद से युवक को खोजा जा रहा है। घटनास्थल पर प्रशासनिक अमले के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को नानपुर से करीब 2 किलोमीटर दूर ग्राम सेजगांव के बड़े पुल के नीचे नदी किनारे युवक के कपड़े पड़े देखे गए थे। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की सूचना पर युवक की पहचान सेजगांव निवासी मुले सिंह पिता कल सिंह चौहान (26) के रूप में हुई, जिसके बाद उसके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई गई थी। गुरुवार शाम को ही सूचना मिलते ही तहसीलदार मंजू डावर और नानपुर थाना प्रभारी राजेश डावर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। अंधेरा होने और पानी की गहराई अधिक होने के कारण गुरुवार को तलाश पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके बाद विशेष गोताखोरों की टीम को बुलाया गया था। शुक्रवार सुबह होते ही रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। नाव के जरिए नदी के गहरे हिस्सों और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाशी ली जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। Post navigation श्री शिव मंदिर वालपुर में भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न