झाबुआ लाइव के लिए थांदला से रितेश गुप्ता की रिपोर्ट-
आचार्य उमेशमुनि के सुशिष्य प्रवर्तक जिनेन्द्रमुनिकी आज्ञानुवर्ती साध्वी मधुबालाजी, सुनीताजी, कलाश्रीजी श्रद्धाजी ठाणा-4 का गुरुवार को थांदला नगर में मंगल प्रवेश हुआ। साध्वी मंडल का इंदौर, हातोद, गौतमपुरा, बडऩगर, बदनावर, बखतगढ़, छायन, करवड़, बामनिया, खवासा आदि क्षेत्रों में धर्मप्रभावना करने के पश्चात यहां आगमन हुआ। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष रमेशचंद चौधरी और सचिव राजेन्द्र व्होरा ने बताया कि यहां विराजित साध्वी धैर्यप्रभाजी व साध्वी मंडल तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने खवासा रोड़ पर पहुंचकर साध्वी मधुबालाजी और साध्वी मंडल की अगवानी की। प्रवेश के दौरान श्रावक-श्राविकाएं श्रमण भगवान महावीर स्वामी, आचार्य उमेशमुनि आदि की जय-जयकार और गुरु गुणगान करते हुए चल रहे थे। मंगल प्रवेश यात्रा संस्कार पब्लिक स्कूल, पुरानी कृषि उपज मंडी, तेजाजी मंदिर, कुम्हारवाड़ा, एमजी रोड, नयापुरा, गणेश मंदिर, आजाद चौक होती हुई पौषध भवन पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित हो गई, यहां साध्वी मधुबालाजी और धैर्यप्रभाजी ने धर्मसभा को संबोधित किया। सभा में उमेश चालीसा का पाठ किया गया। साध्वी मधुबालाजी के मुखारविन्द से श्रावक-श्राविकाओं ने विविध त्याग प्रत्याख्यान ग्रहण किये। धर्मसभा में समस्त श्रावक-श्राविकाओं ने साध्वी मधुबालाजी से चारित्रप्रभाजी, दिव्यशीलाजी, श्रीकांताजी के स्थिरवास की पुरजोर विनती की। संचालन श्रीसंघ के पूर्व सचिव प्रदीप गादिया ने किया। साध्वी मण्डल के सानिध्य में यहां प्रतिदिन प्रात: राई प्रतिक्रमण, प्रात: प्रार्थना, प्रवचन, दोपहर में ज्ञान चर्चा, शाम को देवसी प्रतिक्रमण आदि विविध धार्मिक आराधनाएं हो रही है जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे है। शुक्रवार को साध्वी मंडल के सानिध्य में आचार्य नन्दलाल की पुण्यतिथि जप-तप-त्याग-तपस्या से मनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *