झाबुआ डेस्क। राणापुर थाना क्षेत्र के कुंदनपुर के पास कालिया कोटड़ी चौराहे पर शनिवार रात को काली स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने दाहोद के अस्पताल में रविवार अलसुबह दम तोड़ा। मामले में परिजन ने कांग्रेस नेता पर हत्या का आरोप लगाया है।

टक्कर लगने से कालु पिता कोदरिया मेडा उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सुरडिया, वसना पिता दोला डामोर उम्र 65 वर्ष निवासी बुचाडुगरी, उसका पुत्र अरविन्द पिता वसना डामोर उम्र 25 वर्ष निवासी बुचाडुगरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि घायल अवस्था में कमल पिता छगन मेडा उम्र 37 वृर्ष निवासी ग्राम सुरडिया को दाहोद ले जाया गया, जहां रविवार अलसुबह उसकी मौत हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि कुशलपुरा सरपंच के पति राकेश डामोर ने जान बुझकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। परिजन का कहना है एक दिन पहले गांव में विवाद हुआ था उसके बाद से ही रंजिश चल रही थी। उनका कहना है राकेश व उसका परिवार कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। उधर, घटना के बाद से बुचा डूंगरी में तनाव है। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल शव का पीएम राणापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। परिजन आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता राकेश डामोर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। धारा 302 के तहत मुकदमा चलाने की मांग की जा रही है। 

इस संबंध में राणापुर थाना प्रभारी शंकर सिंह रघुवंशी ने कहा हम मामले की जांच कर रहे हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।