लोहित झामर, मेघनगर आश्रय परिसर, थांदला रोड रेलवे ब्रिज के सामने मेघनगर में परम पूज्य गुरुदेव श्री श्रीधर जी बैरागी महाराज, पीठाधीश्वर श्री बालाजी धाम, गड़ावदिया के मुखारविंद से तीन दिवसीय भव्य हनुमत कथा एवं दिव्य दरबार का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा 5 अक्टूबर को प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। समिति सदस्यों ने बताया कि धार्मिक आयोजन 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक हनुमत कथा होगी, जबकि रात्रि 8 बजे से 9 बजे तक दिव्य दरबार लगाया जाएगा। आयोजन के प्रथम दिवस 6 अक्टूबर को सुबह 8 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा प्राचीन शंकर मंदिर से प्रारंभ होकर आयोजन स्थल तक पहुंचेगी। इसमें बड़ी संख्या में माता-बहनों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति सदस्यों ने बताया कि हनुमत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म एवं आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ मिलेगा। वहीं दिव्य दरबार में श्रद्धालुओं को “श्री गड़ावदिया सरकार के दरबार में अपनी अर्जी लगाने” का अवसर प्राप्त होगा। प्रेस वार्ता में समिति सदस्य रहे मौजूद 5 अक्टूबर को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के राजमल पडियार, प्रीतेश भानपुरिया, आशीष पांचाल, नटवर बामनिया, कैलाश पडियार, संतोष परमार, महेश जोशी, एवं मीडिया प्रभारी भुपेन्द्र बरमण्डलिया सहित अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे। समिति सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा एवं श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।“सीताराम… सीताराम…” के जयघोष के साथ होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर मेघनगर, रंभापुर, आगरा सहित आसपास के ग्रामों एवं झाबुआ जिले के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर हनुमत कथा का श्रवण करने एवं दिव्य दरबार का लाभ लेने की अपील की है। Post navigation मेघनगर थाना प्रभारी के रूप में रमेश चौहान ने संभाला कार्यभार प्रदेश नेतृत्व में मेघनगर का बढ़ा मान, रजत कावड़िया को मिली मध्यप्रदेश की कमान