जितेंद्र वर्मा, जोबट जोबट थाना प्रभारी विजय वास्कले ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा आयोजित भव्य “के. एफ. रुस्तमजी पुरस्कार वितरण समारोह” में थाना प्रभारी विजय वास्कले को उत्कृष्ट पुलिस सेवा एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर उन्हें अवार्ड प्रदान कर उनकी कार्यशैली की प्रशंसा की। इस सम्मान समारोह में प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह के दौरान विजय वास्कले को बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के लिए सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में जोबट थाना क्षेत्र में पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत हुआ है। बताया जा रहा है कि विजय वास्कले ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली को लेकर पुलिस विभाग में भी लगातार सराहना होती रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह में पुलिस अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा हैं। मुख्यमंत्री ने सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की बात कही। सम्मान प्राप्त करने के बाद थाना प्रभारी विजय वास्कले ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं बल्कि पूरी पुलिस टीम की मेहनत और जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा एवं सुरक्षा के लिए कार्य करते रहेंगे। जोबट क्षेत्र में यह सम्मान मिलने के बाद खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने विजय वास्कले को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। Post navigation जोबट में बड़ा हादसा: श्री रिसॉर्ट गार्डन में लगी भीषण आग कस्बा जोबट की कॉलोनियों में चोरों का आतंक, रात में CCTV में कैद हुई रेकी