शिवा रावत, सोंडवा मिशन D3 के तहत अलीराजपुर तहसील के सोंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम थोड़सिंधी में पंचायत स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाँव के पटेल, सरपंच, पूर्व सरपंच, पुजारा, चौकीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण बुजुर्ग एवं युवाओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गत वर्ष मिशन D3 के तहत आयोजित बैठक के बाद हुए कार्यों और उसके सकारात्मक परिणामों पर विचार-विमर्श करना तथा मिशन के नियमों का पालन करते हुए पिछले वर्ष सबसे पहले विवाह करने वाले परिवारों का सम्मान करना था। इस अवसर पर विनेश तोमर सहित अन्य परिवारों को मिशन D3 के नियमों का कड़ाई से पालन कर समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए ग्राम पंचायत थोड़सिंधी मिशन D3 समिति द्वारा स्मृति चिन्ह एवं 4051-4051 रुपये नगद देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जननायक टंट्या भील की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मिशन D3 के संस्थापक नितेश अलावा, ग्राम पटेल रामसिंह वास्केला, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि संदीप वास्कले, पूर्व सरपंच जैराम रावत तथा आदिवासी समाज जिला आलीराजपुर आयोजन समिति के जिला अध्यक्ष बहादुर सिंह रावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ग्रामवासियों ने मिशन के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और भविष्य में भी एकजुटता के साथ कार्य करते हुए आने वाली कठिनाइयों का सामना करने का संकल्प लिया। ग्राम सरपंच प्रतिनिधि संदीप वास्कले ने पिछले वर्ष मिशन D3 के तहत किए गए सामाजिक आयोजनों और उनके सकारात्मक परिणामों को आंकड़ों के साथ प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस पहल से समाज को अनेक क्रान्तिकारी लाभ मिले हैं। इसलिए हम इसे हमेशा के लिए अपनाता चाहते है, ताकि हमारा समाज तरक्की की बुलंदियों तक जाए। पूर्व सरपंच जेराम रावत ने भी मिशन D3 को समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सभी से एकजुट होकर सहयोग देने की अपील की। मुख्य अतिथि नितेश अलावा ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन D3 आज एक सफल सामाजिक अभियान बन चुका है जिसकी सफलता का श्रेय जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि आज यह अभियान केवल आलीराजपुर जिले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के आदिवासी जिलों में भी इसका विस्तार हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मिशन ने हजारों परिवारों को अनावश्यक खर्च और कर्ज के बोझ से बचाने का काम किया है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि कुछ लोगों की गलतियों से निराश होने के बजाय समाज को जागरूक करने का कार्य निरंतर जारी रखें। कार्यक्रम को बहादुर सिंह रावत जिलाध्यक्ष आदिवासी समाज ने भी संबोधित किया और मिशन D3 के इस सम्मान समारोह को प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक पहल बताया। इस अवसर पर ग्राम ओझड़, वालपुर, ख़ामट ,भीम बयडा क्षेत्र से भी लोग शामिल रहे। अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया। Post navigation धोरट के ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, कहा- “देश चाँद पर, हम नेटवर्क के लिए पहाड़ पर” जल, जंगल और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रस्फुटन समितियों को किया गया प्रशिक्षित