शान ठाकुर, पेटलावद
माही परियोजना के अंतर्गत रबी सीजन की सिंचाई के लिए 11 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे माही मुख्य बांध से नहर का गेट खोला जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलना शुरू हो जाएगा। इस वर्ष रबी सिंचाई के लिए कुल 22,670 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे लगभग 110 गांव लाभान्वित होंगे।

इस संबंध में एसडीओ धीरज जामोद ने जानकारी देते हुए बताया कि माही मुख्य बांध की कुल उपयोगी जल संग्रहण क्षमता 135.60 मिलियन घन मीटर है, जिसमें से सिंचाई एवं पेयजल के लिए पानी आरक्षित रखा गया है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 447.75 मीटर है, जबकि अधिकतम जलस्तर 451.50 मीटर है। वहीं बांध में वर्तमान जीवित जल संग्रहण 70.22 मिलियन घन मीटर है, जो कुल क्षमता का 51.79 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि उपलब्ध जल संग्रहण को देखते हुए एवं किसानों की मांग पर आयोजित बैठक में अधिकतम दो बार सिंचाई के लिए पानी देने का निर्णय लिया गया है। निर्धारित चक्र के अनुसार किसानों को पहला पानी पूर्ण रूप से उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि दूसरा पानी बांध में शेष उपलब्ध जल संग्रहण की स्थिति के अनुसार दिया जाएगा।

कम पानी वाली फसलें लगाने की अपील –
एसडीओ जामोद ने किसानों से अपील की है कि इस वर्ष बांध में पानी की उपलब्धता सीमित होने के कारण किसान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों जैसे चना आदि की बुवाई को प्राथमिकता दें, ताकि उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग किया जा सके और अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके।

नहर किनारे रहने वाले ग्रामीण बरतें विशेष सावधानी
नहर में पानी छोड़े जाने को देखते हुए नहर से लगे गांवों के ग्रामीणों, किसानों एवं पशुपालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नहर में पानी का बहाव तेज हो सकता है, इसलिए बच्चे नहर के आसपास न जाएं। ग्रामीण नहर में उतरने, नहाने या पानी के तेज बहाव में प्रवेश करने से बचें। पशुओं को भी नहर के पास खुला न छोड़ें। नहर के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही न करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। प्रशासन एवं माही परियोजना की ओर से किसानों से अपील की गई है कि उपलब्ध जल का उपयोग निर्धारित चक्र एवं आवश्यकता के अनुसार करें और पानी की बर्बादी से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *