जितेंद्र वर्मा, जोबट आलीराजपुर जिले के जोबट तहसील के ग्राम देवगांव बड़फलिया निवासी कलमसिंह पिता जानसिंह के बैंक खाते से 99,700 रुपए की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है। खाताधारक के अनुसार उसने यह राशि स्वयं नहीं निकाली और न ही किसी अन्य व्यक्ति को खाते से लेन-देन के लिए अधिकृत किया था। खाते से अचानक बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उसने बैंक और पुलिस से संपर्क किया। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/09/WhatsApp-Video-2026-09-11-at-4.30.00-PM.mp4 कलमसिंह का बैंक ऑफ इंडिया में खाता है। उसके अनुसार खाते से 99,700 रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ, जिसकी जानकारी उसे बाद में मिली। खाताधारक का कहना है कि उसे न तो इस निकासी की जानकारी थी और न ही उसने ऐसा कोई ट्रांजेक्शन किया। इसके बाद उसने बैंक से संपर्क कर मामले की जानकारी ली और खाते को होल्ड कराने की कार्रवाई कराई। मामले को लेकर कलमसिंह ने पुलिस में शिकायत देकर जांच की मांग की है। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी सूचना दी गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से रकम वापस दिलाने और ट्रांजेक्शन करने वाले व्यक्ति का पता लगाने की मांग की है। बैंक से जुटाई जा रही ट्रांजेक्शन की जानकारी मामले में अब पुलिस बैंक से ट्रांजेक्शन की पूरी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 99,700 रुपए किस माध्यम से निकाले या ट्रांसफर किए गए और रकम आखिर किस बैंक खाते में पहुंची। पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायत पुलिस को मिली है। शिकायतकर्ता ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर भी सूचना दी है। जिस बैंक खाते में फ्रॉड की राशि जाने की जानकारी सामने आई है, उसे सीज कराने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार बैंक से प्राप्त जानकारी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रांजेक्शन की पूरी जानकारी सामने आने के बाद संबंधित व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद FIR दर्ज कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Post navigation डेकाकुंड में नई यात्री ट्रेन सेवा का शुभारंभ, विधायक सेना महेश पटेल हुईं शामिल पुलिस अधीक्षक ने आवेदनकर्ताओं की समस्या सुनी, मौके पर ही शिकायतों का किया निराकरण