जितेंद्र वर्मा, जोबट

डेकाकुंड में नई यात्री ट्रेन सेवा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जोबट विधायक सेना महेश पटेल शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने नई रेल सेवा के शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र से होकर यात्री ट्रेन का संचालन प्रारंभ होना निश्चित रूप से खुशी की बात है और इससे आमजन को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने से लोगों का आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि झाबुआ, धार और छोटा उदयपुर क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने की इस महत्वपूर्ण परियोजना की नींव वर्ष 2008 में रखी गई थी। उस समय कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई थी। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह, तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, नारायण भाई राठवा, कांतिलाल भूरिया सहित कांग्रेस के अनेक नेताओं के प्रयासों से इस क्षेत्र में रेल परियोजना की शुरुआत हुई थी।

विधायक पटेल ने कहा कि किसी भी बड़ी परियोजना को पूरा होने में कई वर्षों का समय लगता है। इस रेल परियोजना को भी यहां तक पहुंचने में लंबा समय लगा है। ऐसे में आज रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर उन लोगों के योगदान को भी याद किया जाना चाहिए, जिन्होंने वर्ष 2008 में इस महत्वपूर्ण परियोजना की नींव रखी और इसे साकार करने की दिशा में प्रयास किए।

उन्होंने कहा कि हम क्षेत्र में रेल सेवा का स्वागत करते हैं। नई यात्री ट्रेन से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी और विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र को और अधिक रेल सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि आमजन को इसका व्यापक लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *