जितेंद्र वाणी, नानपुर इस सीजन अब तक आलीराजपुर जिले में औसत की मात्र 46.54 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है, जबकि कोटे की 53.46 प्रतिशत बारिश अभी बाकी है। कम बारिश का सीधा असर नानपुर के समीप स्थित फाटा डेम के जलस्तर पर साफ नजर आ रहा है। फाटा डेम की कुल भराव क्षमता 260.17 मीटर है, लेकिन सितंबर माह में इसका जलस्तर महज 255.30 मीटर पर ही अटका हुआ है। गत वर्ष यह डेम अगस्त माह में ही लबालब हो गया था और गेट खोलने पड़े थे, जबकि इस बार पानी की आवक बेहद धीमी है। नदियों के ओवरफ्लो न होने से थमी आवक डेम में मुख्य रूप से डोही और हथनी नदियों से पानी आता है, लेकिन इस बार दोनों नदियां एक बार भी ओवरफ्लो नहीं हुई हैं। आवक की सुस्त रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हफ्ते भर में डेम का जलस्तर केवल 10 सेंटीमीटर ही बढ़ पा रहा है। अब सारी उम्मीदें सितंबर में होने वाली संभावित तेज बारिश पर टिकी हैं। पेयजल की चिंता नहीं, सिंचाई पर संशय बरकरार डेम में वर्तमान में कुल 25 एमसीएम पानी मौजूद है। आलीराजपुर नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए 2 एमसीएम पानी रिजर्व रहता है, इसलिए शहर में जल संकट की स्थिति नहीं बनेगी। फाटा डेम की नहरों से धार जिले के किसानों को रबी फसल की सिंचाई के लिए पानी दिया जाता है। डेम के पूरे न भरने की स्थिति में किसानों को कितना पानी मिल पाएगा, यह स्थिति अभी साफ नहीं हुई है। Post navigation आगामी त्योहार सादगी व सौहार्द से मनाएं ; थाना प्रभारी राजेश डावर गौ-रक्षक संत को जान से मारने की धमकी, हिन्दू समाज में आक्रोश; मुख्यमंत्री से की कठोर कार्रवाई की मांग