भूपेंद्र नायक, पिटोल

झाबुआ पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार अपराधियों को पकड़ने के अभियान के तहत, पिटोल पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने 12 साल से फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कि झाबुआ जिला जेल से भागा था.

पिटोल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 12 साल पहले झाबुआ जिला जेल से फरार हुए आरोपियों में से एक, जयराम पिता माहिया बिलवाल (उम्र 58 वर्ष, निवासी घाटिया), गुजरात और अन्य राज्यों में अपना हुलिया और नाम बदलकर रह रहा है. वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था.

मुखबिर की पक्की सूचना के आधार पर, थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे और पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने अपनी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की. उन्होंने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी और 12 साल से फरार जयराम को धर दबोचा. आरोपी को गिरफ्तार कर पिटोल चौकी लाया गया. बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया.

चोरी, डकैती और मारपीट के कई मामलों में था वांछित

पुलिस के अनुसार, जयराम पर चोरी, राहजनी और डकैती के कई मामले दर्ज थे. इसके अलावा, वह जेल के सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट कर फरार होने के मामले में भी वांछित था. उस पर वर्ष 2022 में थाना कोतवाली झाबुआ में दर्ज अपराध क्रमांक 1046 और 1120 (भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 225, 332, 120) में भी फरार होने का मामला दर्ज था. इस अपराधी पर ₹500 का इनाम भी घोषित था.

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे, पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल, ए.एस.आई. नरेंद्र परमार, आरक्षक अजीत, आरक्षक कैलाश सोलंकी, आरक्षक मानव, आरक्षक मुकेश, आरक्षक अमर सिंह, आरक्षक नानूराम और आरक्षक अनसिंह भूरिया की टीम की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही.

अपराधों पर अंकुश लगाने का अभियान जारी रहेगा

पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार, अपराधियों को पकड़ने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे जिले में अपराधों में कमी लाई जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *