भूपेंद्र नायक, पिटोल

दशकों से बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या से जूझ रही पिटोल की जनता को अब राहत मिलेगी. मध्य प्रदेश सरकार की RDSS योजना (रेवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत पिटोल में चार नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. इनमें से एक का आज विधि-विधान से उद्घाटन कर उसे चालू कर दिया गया, जबकि शेष तीन भी जल्द ही कार्यशील हो जाएंगे.

पिटोल में बिजली के बुनियादी ढांचे का निर्माण कई दशक पहले हुआ था. उस समय की जनसंख्या और आज की बढ़ती हुई आबादी के बीच काफी अंतर आ चुका है. क्षेत्रफल की दृष्टि से भी पिटोल का विस्तार हुआ है, और मोहल्लों, कॉलोनियों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी यहीं से बिजली वितरित की जाती है. इस बढ़ती मांग के कारण, पुराने ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार पड़ने लगा था, जिससे आए दिन बिजली गुल हो जाती थी. इससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था, क्योंकि टीवी, फ्रिज, बल्ब जैसे घरेलू उपकरण अक्सर खराब हो जाते थे. कई बार तो फॉल्ट ठीक करने में 24 घंटे से भी अधिक का समय लग जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती थी.

कुछ वर्षों पहले, बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निर्माण होने के बाद, मेघनगर से 33 केवी की हाई-वोल्टेज बिजली लाइन को पिटोल तक जोड़ा गया. 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पिटोल में एक बड़े ग्रिड का निर्माण भी किया गया है. हालांकि, पुराने ट्रांसफार्मर अभी भी लोड नहीं ले पा रहे थे.

स्थानीय प्रयासों से मिली सफलता

पिटोल में वोल्टेज के उतार-चढ़ाव और बिजली कटौती को लेकर आम जनता तथा लाइनमैन के बीच अक्सर बहस हो जाती थी. इस समस्या की ओर विद्युत कंपनी का ध्यान आकर्षित करने के लिए गांव के सरपंच सहित सभी समाजसेवियों और जनता ने विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षक यंत्री डी.एस. राजपूत के समक्ष अपनी बिजली संबंधी समस्याएं रखीं. उन्होंने इन समस्याओं को प्राथमिकता से लिया और पूरे पिटोल नगर में सुचारु विद्युत आपूर्ति के लिए चार नए ट्रांसफार्मर लगवाने का निर्देश दिया.

अधीक्षक यंत्री डी.एस. राजपूत ने बताया कि इन ट्रांसफार्मरों के लगने से पिटोल नगर में बिजली फॉल्ट, बस स्टैंड और मुख्य बाजार में बार-बार बिजली के तार टूटने की समस्या से निजात मिलेगी और वोल्टेज भी स्थिर रहेगा. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में जहां भी तार टूटने की समस्या आती थी, वहां केबल डालने का काम भी किया जाएगा.

आज हुए उद्घाटन समारोह में पिटोल के सरपंच प्रतिनिधि मकना गुंडिया, उप सरपंच किशन नगर, भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक जितेंद्र सिंह ठाकुर, बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अधीक्षक यंत्री डी.एस. राजपूत, कार्यपालन यंत्री महेंद्र पंवार, कनिष्ठ यंत्री अक्षत ठाकुर, और लाइनमैन उपेंद्र हाड़ा, राजेंद्र पटेल, थावरिया भाई सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. यह पहल पिटोल के निवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *