विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

पीएम श्री शाला बड़ी खट्टाली में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विचारों से व्यक्ति महान बनता है और अच्छे कर्म ही उसे सफलता के मार्ग पर ले जाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे अंक प्राप्त करने तथा अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशा मनुष्य के स्वास्थ्य और जीवन दोनों के लिए घातक है। इससे कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियां होती हैं तथा व्यक्ति और उसका परिवार बर्बादी की ओर बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहकर नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई प्रदर्शनी और रंगोली का अवलोकन किया गया। अंत में जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह का ग्राम पंचायत की ओर से शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभूति धाकरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के प्राचार्य के.एस. धार्वे ने किया।

कार्यक्रम में जोबट थाना प्रभारी विजय वास्कले, बड़ी खट्टाली चौकी प्रभारी मदन सिंह किराड़े, सरपंच चेनसिंह डावर, उपसरपंच शुभम मेहता, प्राचार्य के.एस. धार्वे, पंचायत प्रतिनिधि रमेश मेहता, मदन लड्ढा, मुकेश राठौड़, रामसिंह पटेल, विजय मालवी, बिलाल खत्री, जयेश मलानी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *