इरशाद खान, बरझर

पीएम श्री हाई सेकेंडरी स्कूल बरझर के प्रभारी प्राचार्य केशव सिंह सोलंकी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय प्रांगण में स्टाफ द्वारा एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आजाद नगर भाबरा के बीईओ विनोद कुमार कोरी और बीआरसी राजेंद्र बैरागी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए बीईओ विनोद कुमार कोरी ने कहा कि संस्था में सोलंकी जी द्वारा किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने पूरी लगन और मेहनत से काम किया है। वे जहां भी पदस्थ रहे, उनकी कार्यशैली उत्कृष्ट रही। उन्होंने कामना की कि जिस सक्रियता के साथ उन्होंने स्कूल में सेवाएं दीं, वैसी ही सक्रियता के साथ वे अपना पारिवारिक जीवन भी व्यतीत करें। वहीं, ग्राम सरपंच हिमसिंह बारिया ने प्रभारी प्राचार्य की सेवाओं को सराहनीय बताते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद धार्मिक कार्यों के साथ-साथ राजनीति से जुड़ने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम में बीआरसी राजेंद्र बैरागी ने कहा कि ऊर्जावान सोलंकी सर को देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि वे सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनका सेवाकाल बहुत अच्छा रहा और सभी ने उनसे बहुत कुछ सीखा है। आजाद नगर भाबरा के प्राचार्य निलेश शाह ने भी अपने विचार रखे और कहा कि आज इस विदाई समारोह में उमड़ी स्टाफ, ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ ही सोलंकी सर के कुशल व्यवहार को बयां कर रही है।

सेवानिवृत्त प्रभारी प्राचार्य केशव सिंह सोलंकी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए स्टाफ के सहयोग की सराहना की। साथ ही, उन्होंने इस वर्ष हाई सेकेंडरी स्कूल बरझर का 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर स्टाफ के शिक्षकों और परिजनों ने भी सेवानिवृत्त प्राचार्य को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रांगण में डीजे की धुन पर स्कूल स्टाफ ने नृत्य करते हुए केशव सिंह सोलंकी को उनके निज निवास बोरकुंडिया के लिए विदाई दी।

इस अवसर पर ग्राम सरपंच हिमसिंह बारिया, बीईओ विनोद कुमार कोरी, बीआरसी राजेंद्र बैरागी, प्राचार्य निलेश शाह सहित स्कूल स्टाफ से बदिया चौहान, सलीम खान, कमला राठौड़, श्वेता राठौड़, कमलेश चौहान, रमेश डावर, शीतल बारिया, रमन गोहिल, निधि श्रीवास्तव, संदीप शाहू, अरुणेश श्रीवास्तव, आयुष हटीला, फिरोज खान, जफरूल्ला खान, भवानी सिंह चौहान, रिंकू जायसवाल, नीलोफर मकरानी, तमन्ना खान, टीसा डावर, ललिता परमार, निर्मला सालियां आदि विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार फिरोज खान ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *