खेत में पलटा ट्रैक्टर: किसान की दबने से मौत, साथी गंभीर घायल

0

परवलिया। थांदला थाना क्षेत्र के ग्राम कलदेला में रविवार को खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कलदेला निवासी दीवान पिता माना भाबोर (33 वर्ष) अपने साथी मथियास पिता कसन के साथ खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे, इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ड्राईवर व उसका साथी दोनों उसके नीचे दब गए,हादसे की सूचना मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर हटाकर दोनों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों द्वारा बाहर निकालने तक दीवान की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल मथियास को तत्काल थांदला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल झाबुआ रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.