जितेंद्र वाणी, नानपुर नगर में निजी दूरसंचार कंपनी की लाइन बिछाने के लिए सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया था। इसके बाद गड्ढों की अधूरी मरम्मत के कारण तीन से चार वार्डों के रहवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि सड़क पर बने गड्ढों में गिरकर लोग आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। वहीं, मुख्य मार्ग पर कालिका मंदिर के पास तोड़ी गई नाली भी अब तक दुरुस्त नहीं की गई है। नाली से बाहर निकले लोहे के सरिए हादसों को न्योता दे रहे हैं। दरअसल, कंपनी द्वारा लाइन बिछाने के दौरान लाखों रुपए की लागत से बनी सड़क को कई जगह खोदा गया था। इस मामले को लेकर पूर्व में खबर प्रकाशित कर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था। इसके बाद ग्राम पंचायत की ओर से मरम्मत कार्य के लिए करीब 5 लाख 40 हजार रुपए की राशि स्वीकृत कर भुगतन भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत का काम अधूरा ही छोड़ दिया गया। सड़क के गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से आज भी लोगों के लिए परेशानी बने हुए हैं। मुख्य मार्ग पर कालिका मंदिर के पास नाली तोड़े जाने के बाद उसकी मरम्मत नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। नाली में निकले बड़े-बड़े सरिए राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। रात के समय इनसे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। पंच प्रवीण वाणी, चिंटू माली सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध होने के बावजूद काम पूरा नहीं कराया गया। उन्होंने ग्राम पंचायत से मांग की है कि सड़क के गड्ढों को भरने के साथ कालिका मंदिर के पास क्षतिग्रस्त नाली की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिले और किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। Post navigation दो महीने से मुख्य मार्ग बंद, स्कूली बच्चे और दुकानदार परेशान; पंचायत सचिव ने दिया जल्द काम शुरू होने का आश्वासन