जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलखेड़ी (ग्राम देगांव) में धर्म परिवर्तन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पूरे गांव के ग्रामीण एकजुट होकर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए कुछ व्यक्तियों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने एवं झूठे प्रकरण में फंसाने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ लोग लगातार भोले-भाले एवं अशिक्षित ग्रामीणों को निशाना बनाकर उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे हैं। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और जागरूकता फैलाने का प्रयास किया, तब आरोपियों द्वारा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

आवेदन में अंतर सिंह गडरिया, धर्मेंद्र गडरिया, संजय गडरिया, शारदा गाड़िया सहित अन्य परिवारों के नाम आरोपियों के रूप में उल्लेखित किए गए हैं। वहीं गांव के जिम्मेदार व्यक्तियों—पटेल, सरपंच, पुजारी एवं चौकीदार—द्वारा कई बार बैठक कर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण गांव में भय और अशांति का माहौल बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *