भोपाल। आज मध्यप्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने पहुंचीं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने सदन के बाहर भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने का वास्तविक काम कांग्रेस ने किया है। विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि जनपद पंचायत, जिला पंचायत, नगरीय निकाय चुनावों में महिलाओं को भागीदारी और वोट के अधिकार को मजबूत करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया, जिसका परिणाम आज पूरे देश और प्रदेश में दिखाई दे रहा है, जहाँ महिलाएं नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल झूठ बोलकर महिलाओं के नाम पर राजनीति करना चाहती है। “अगर भाजपा सरकार सच में महिलाओं की हितैषी है तो केवल निंदा प्रस्ताव लाने से काम नहीं चलेगा, उसे तत्काल लोकसभा की 543 सीटों और मध्यप्रदेश विधानसभा की 230 सीटों पर महिला आरक्षण लागू करने की स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए।” सेना महेश पटेल ने कहा कि सरकार द्वारा लाया जा रहा निंदा प्रस्ताव सिर्फ़ एक राजनीतिक दिखावा है, जिसका कांग्रेस विधायक दल सदन में पुरज़ोर विरोध करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का महिलाओं के प्रति रवैया संवेदनशील नहीं बल्कि विरोधी है। “सरकार मंचों से महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन अधिकार देने की बारी आती है तो पीछे हट जाती है। यह दोहरा चरित्र अब प्रदेश की महिलाएं समझ चुकी हैं।” विधायक ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी दिलाने के पक्ष में है, जबकि भाजपा केवल प्रचार और प्रपंच में लगी हुई है। “भाजपा सरकार महिला हितैषी नहीं, महिला विरोधी सरकार है।” Post navigation सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला: अब प्रदेश के किसी भी गांव में होगी ‘सरप्राइज जनसुनवाई’, ग्राम मढ़ी महिदपुर से शुरुआत विधानसभा मानसून सत्र 2026: UCC के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने सरकार को घेरा