जितेंद्र वर्मा, जोबट

आलीराजपुर जिले के जोबट थाना क्षेत्र अंतर्गत बाग रोड तिराहा स्थित बाबा साईं होटल के कमरा नंबर 105 में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनिल उर्फ कालू फूलमाली निवासी खंडवा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जोबट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार मृतक के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।

पुलिस द्वारा होटल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि युवक होटल में कब आया और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *