खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के खरडू बड़ी गांव में 30 मई की दोपहर एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ और उसे पकड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। गांव में रहने वाली एक बालिका घर से कुछ सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। इसी दौरान घर से थोड़ी दूरी पर एक स्विफ्ट कार (क्रमांक जीजे 03 पीडी 5915) आकर रुकी। जानकारी के मुताबिक, इस कार को राजकोट निवासी ब्रिजेश यादव चला रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ब्रिजेश यादव कार से झाबुआ की ओर से पारा की तरफ जा रहा था। रास्ते में खरडू गांव में सापन नदी के पास उसने बच्ची को अकेली जाते हुए देखा। सुनसान सड़क पाकर आरोपी ने अपनी कार बच्ची के पास रोकी और उसे खाना खाने का लालच देते हुए कार का दरवाजा खोल दिया। अनजान व्यक्ति की इस हरकत से बच्ची बुरी तरह डर गई। वह वहां से भागकर सीधे अपने चाचा के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद बच्ची के चाचा और अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर कार चालक की घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुला लिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने आरोपी ब्रिजेश यादव को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद इस पूरे मामले की शिकायत झाबुआ थाने में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। Post navigation विद्युत मंडल और ठेकेदार की लापरवाही से अंधेरे में रहने को मजबूर हुए ग्रामीण, रात में फोन नहीं उठाते जेई कुएं में अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी