आलीराजपुर। कलेक्टर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने शुक्रवार को चंद्र शेखर आजाद नगर स्थित आजाद कुटिया पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस दौरान अधिकारियों ने शहीद क्रांतिकारी चंद्र शेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने आजाद कुटिया परिसर में स्थित पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भाबरा संभावित आगमन को दृष्टिगत रखते हुए आजाद कुटिया परिसर में सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने हेलीपेड से आजाद कुटिया तक पहुंच मार्ग को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, अनुविभागीय अधिकारी निधि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *