दीपेश प्रजापति, झाबुआ

झाबुआ जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीयर से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। पशु आहार और घास-भूसे के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही लाखों रुपए की बीयर खेप को जप्त किया गया है। कार्रवाई झाबुआ-राणापुर रोड पर की गई।

दरअसल, झाबुआ जिला मुख्यालय पर आज तड़के आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से बीयर की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम ने झाबुआ-राणापुर रोड पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक MP 09 HF 4547 को रोका।

तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर से पशु आहार और घास-भूसा भरा हुआ दिखाई दिया, लेकिन जब टीम ने गहन जांच की तो उसके नीचे बड़ी मात्रा में बीयर की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद आबकारी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को जप्त कर लिया।

कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया और आबकारी निरीक्षक विकास वर्मा के नेतृत्व में की गई। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब माफियाओं द्वारा अवैध तरीके से बीयर की तस्करी की जा रही थी। फिलहाल ट्रक चालक सहित संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मुताबिक जप्त की गई बीयर की कुल कीमत का आंकलन किया जा रहा है और मामले में आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *