पेटलावद। जहां प्रभु के प्रति श्रद्धा हृदय को जोड़ती है, वहीं राष्ट्र के प्रति प्रेम प्रत्येक नागरिक को एक सूत्र में बांधता है। धर्म और राष्ट्रभक्ति के इसी सुंदर समन्वय का भाव बुधवार को नगर के श्रद्धांजलि चौक स्थित गणेश मंदिर में देखने को मिला। लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा आयोजित 10 दिवसीय गणेशोत्सव के अंतर्गत बुधवार को भगवान श्री गणेश की महाआरती के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। मंदिर परिसर में जब श्रद्धालुओं ने एक स्वर में वंदे मातरम् का उद्घोष किया तो वातावरण भक्तिभाव के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना से भी ओतप्रोत हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह कार्यवाह आकाश जी चौहान एवं हिन्दू जागरण मंच के जिला संयोजक प्रकाश जी प्रजापत अपनी पूरी टोली के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। भगवान श्री गणेश की आराधना के पश्चात सामूहिक वंदे मातरम् का गायन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभूति के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश भी लेकर आया। *प्रतिदिन हो रही महाआरती, विभिन्न वर्गों को दिया जा रहा आमंत्रण* लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथियों को आमंत्रित कर महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पत्रकार बंधुओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, महिला मंडलों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर भगवान श्री गणेश की आराधना कराई जा रही है। इस आयोजन में गणेश उत्सव समिति का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। प्रतिदिन आयोजित होने वाली महाआरती में डॉ. एस.के. महाजन, वरिष्ठ अभिभाषक विनोद पुरोहित, डॉ. जुगल किशोर गुप्ता सहित नगर के गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु, महिला शक्ति, गणेश उत्सव समिति एवं लायंस क्लब के सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहते हैं। *धर्म से संस्कार और राष्ट्रभक्ति से समर्पण* गणेशोत्सव का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं होकर धर्म, संस्कार, सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दे रहा है। भगवान श्री गणेश की आराधना हमें सद्बुद्धि, विवेक और सेवा का मार्ग दिखाती है, वहीं राष्ट्रभक्ति हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाती है। Post navigation डोल ग्यारस के उपलक्ष्य में बैंड-बाजों के साथ निकला भगवान का डोला रोज हो रही बाबा की आराधना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर ले रहे सहभागिता