आलीराजपुर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने ग्रामीण क्षेत्रों के प्रवास के दौरान विभिन्न ग्रामों में पूर्ण हुए विद्युतीकरण कार्यों का लोकार्पण कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक घर तक विकास की रोशनी पहुंच सके।

मंत्री चौहान ने ग्राम डाबड़ी के शिव फलिया में 5 लाख 95 हजार 555 रुपये, ग्राम बिलझरी के किराड़ फलिया में 9 लाख 57 हजार रुपये तथा ग्राम आली के केलवानी फलिया में 13 लाख 77 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विद्युतीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। तीनों कार्यों की कुल लागत 29 लाख 29 हजार  रुपये रही।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बढ़ने से आमजन के जीवन स्तर में सुधार होगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, किसानों को कृषि कार्यों में सुविधा होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे व्यवसायों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्युतीकरण केवल बिजली पहुंचाने का कार्य नहीं है, बल्कि यह विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलता है। बिजली उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर मंत्री चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के कई परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता मांगीलाल रावत, मंडल अध्यक्ष नानसिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। उक्त जानकारी विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *