झाबुआ डेस्क। माँ त्रिपुरा कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं नर्सिंग में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक विशेष कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. खुशी शर्मा रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों को कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण एवं वैज्ञानिक जानकारियाँ प्रदान कीं।

अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने कैंसर के कारण, प्रकार, रोकथाम, प्रारंभिक पहचान (Early Detection), उपचार पद्धतियाँ तथा आधुनिक चिकित्सा प्रबंधन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और सही जानकारी से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है तथा सही समय पर उपचार से जीवन रक्षा की जा सकती है।

डॉ. शर्मा ने कैंसर रोगियों के लिए केवल चिकित्सकीय सहायता ही नहीं, बल्कि मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग को भी अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्य करते हुए संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी बनें और समाज में जागरूकता फैलाकर रोगियों के लिए सहारा बनें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रश्न-उत्तर सत्र में भाग लिया, अपने विचार साझा किए तथा कैंसर से जुड़े सामाजिक अनुभवों पर चर्चा की। कई छात्रों ने अपने परिवार एवं समाज से जुड़े अनुभव साझा कर कार्यक्रम को भावनात्मक और संवेदनशील रूप प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा कैंसर रोकथाम, जागरूकता फैलाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सामूहिक शपथ (Pledge) भी ली गई, जिसमें नशामुक्त जीवन, नियमित जांच, टीकाकरण और जनजागरूकता का संकल्प शामिल रहा।

कार्यक्रम में विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV वैक्सीनेशन के महत्व पर व्यापक जागरूकता फैलाई गई, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं में भविष्य में इस कैंसर की रोकथाम संभव हो सके। डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में यह भी स्पष्ट किया कि तंबाकू सेवन, धूम्रपान एवं नशे की आदतें कैंसर के प्रमुख कारणों में से हैं। इसी उद्देश्य से माँ त्रिपुरा हॉस्पिटल में विद्यार्थियों द्वारा तंबाकू निषेध (Tobacco Cessation Program) एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को तंबाकू छोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

इस कार्यक्रम के माध्यम से कॉलेज एवं अस्पताल दोनों स्तरों पर समुदाय आधारित जागरूकता अभियान चलाया गया, जिससे समाज में स्वास्थ्य चेतना को मजबूत किया जा सके। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा —“समय पर जांच, सुरक्षित भविष्य।” कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, फार्मेसी एवं नर्सिंग विभाग के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं समाजोपयोगी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *