जितेंद्र वाणी(लाइव) नानपुर विगत 14 दिसंबर को राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली में शिरकत करने गए अलीराजपुर जिले के एक युवक का शव राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर थाना अंतर्गत एक खेत में बरामद हुआ है। मृतक युवक की पहचान अलीराजपुर जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के वेगड़ी गांव निवासी मगन चौहान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मगन अपने गांव के गजरा व पवन के साथ ही बस से रैली में भाग लेने के लिए दिल्ली गया था। उसके दोनों साथी गजरा व पवन तो सुरक्षित बस से लौट आए लेकिन मगन का शव लौटा है। अलीराजपुर एसपी विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि भरतपुर पुलिस से उनकी बात हुई है जिसके बाद अलीराजपुर पुलिस का एक सब इंस्पेक्टर मय साथियों के साथ भरतपुर पहुंचा है तथा शव का पैनल से पोस्टमार्टम करवाया गया है जिसके बाद शव को लेकर पुलिस व परिजन अलीराजपुर के लिए रवाना हुए हैं। उम्मीद है कि कल गुरुवार तड़के वह अलीराजपुर पहुंच जाएंगे। एसपी विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्थान पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिल रहे हैं कि मृतक मगन अपनी निर्धारित बस चूक गया था, जिसके बाद वह किसी ट्रेन से दाहोद के लिए बैठा, लेकिन अज्ञात कारणों के चलते वह भरतपुर स्टेशन उतर गया उसके बाद वह बीमार अवस्था में पुलिस को बरामद हुआ तो स्थानीय पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया। बताया जाता है कि अस्पताल में उसका उपचार चल ही रहा था, इस दौरान वह वहां से निकल गया। प्रत्यक्ष दर्शियों ने उसे सेवर थाना के आउटर से खेत खलिहानों की ओर जाते देखा जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ। पुलिस को शंका है कि खेतों में अद्र्धमुच्र्छित अवस्था के दौरान ठंड लगा जाने से संभवत: उसकी मौत हुई है। फिलहाल राजस्थान पुलिस ने मर्ग कायम किया है व पुलिस उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ) Post navigation ईंटों के नीचे अवैध शराब से भरे ट्रक को पुलिस ने पकड़ा सोशल मीडिया समेत संपूर्ण झाबुआ जिले की सीमा में धारा 144 लागू