आलीराजपुर। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशों के तहत, पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास के मार्गदर्शन में 14 जून 2025 की रात 12 बजे से सुबह तक जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न पुलिस थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थानों की कार्यप्रणाली की गुणवत्ता, उत्तरदायित्व, पारदर्शिता और प्रभावशीलता सुनिश्चित करना था। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सोरवा और अलीराजपुर थानों का निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने सोंडवा और बखतगढ़ थानों की जांच की। उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा शाखा बी.एल. अटौदे ने जोबट और नानपुर थानों का दौरा किया, जबकि उप पुलिस अधीक्षक अजाक ने आंबुआ और आजादनगर थानों की व्यवस्था देखी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर ने चांदपुर और कट्ठीवाड़ा थानों का, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोबट ने बोरी व उदयगढ़ थानों का रात्रि निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जरायम रजिस्टर का अवलोकन किया गया, जिसमें अपराधों का विस्तृत विवरण, विवेचना पर्चों का सार, चोरी से संबंधित मामलों में गुम संपत्ति का विवरण, क्रॉस VCNB क्रमांक और न्यायालयीन RT/ST क्रमांक दर्ज करने के निर्देश दिए गए। न्यायालय द्वारा निर्णयित प्रकरणों को सजायाबी व VCNB में समुचित रूप से प्रविष्ट कराने को कहा गया। एमएलसी से संबंधित समस्त अभिलेख संतोषजनक पाए गए। कोतवाली थाना क्षेत्र में लंबित एक्स-रे रिपोर्ट्स को तत्काल प्राप्त करने और प्रत्येक एमएलसी प्रविष्टि को थाना प्रभारी द्वारा अवलोकित कर टिप्पणी अंकित करने के निर्देश दिए गए। कुछ थाना क्षेत्रों में पिछले तीन माह से लंबित एमएलसी जांचों को चिन्हित कर, अगले तीन दिवस में उन्हें पूर्ण करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए। निगरानीशुदा बदमाशों की नियमित निगरानी, इंडेक्स में समयबद्ध प्रविष्टि और MAMS सॉफ्टवेयर के अनुरूप निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए। निगरानीशुदा अपराधियों की फाइलों का सुव्यवस्थित संधारण, अद्यतन अपराध विवरण, NAFIS प्रणाली में फिंगरप्रिंट डेटा अपलोडिंग तथा पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देशों की पुष्टि की गई। अवांछनीय तत्वों की निरंतर निगरानी, उनकी सक्रियता के आधार पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, और नियमानुसार बाउंड ओवर करवाए जाने के निर्देश प्रदान किए गए। वर्ष 2023 और 2024 के सजायाबी प्रकरणों को संबंधित रजिस्टर, जरायम, VCNB तथा CCTNS प्रणाली में अपलोड करने और वर्ष 2025 के निस्तारित प्रकरणों को अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। अधिकतर फरार आरोपियों के विरुद्ध इनाम उद्घोषणा की प्रक्रिया पूर्ण पाई गई। आरोपियों की चल-अचल संपत्ति की जानकारी संकलित कर, गिरफ्तारी हेतु किए गए प्रयासों को समुचित रूप से रजिस्टर में अंकित करने को कहा गया। सभी थानों में मासिक गोस्वारा तैयार करने और लंबित शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की दिशा में कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। जिले के सभी थानों में माइक्रो बीट प्रणाली लागू की गई है। कुछ थानों में प्रोफार्मा के अनुसार जानकारी अधूरी पाए जाने पर उसे तुरंत पूर्ण करने को कहा गया। स्थानांतरित कर्मचारियों को नई बीट आवंटित करने के निर्देश दिए गए। सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील अवस्था में पाए गए। संबंधित प्रभारी और प्रधान आरक्षक को भोपाल रेडियो मुख्यालय द्वारा जारी एसओपी का पालन सुनिश्चित करने, पासवर्ड सुरक्षा बनाए रखने, कैमरों के बंद होने की स्थिति में तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष व रेडियो शाखा को देने तथा शिकायत पोर्टल पर जानकारी अंकित कर टिकट जनरेट करने के निर्देश दिए गए। थानों में हवालात की स्वच्छता संतोषजनक पाई गई। सभी हवालातों के द्वारों में अंदर से सुरक्षात्मक जाली लगी पाई गई। हवालात की निगरानी हेतु एल.सी.डी. स्क्रीन प्रणाली प्रभावी पाई गई। VCNB रजिस्टरों में वार्षिक टिप्पणियां विधिवत दर्ज पाई गईं और उनकी गुणवत्ता संतोषजनक आंकी गई। सभी थानों में गश्ती दल सक्रिय पाए गए। उपलब्ध बल के आधार पर गश्त बिंदुओं का निर्धारण किया गया। राजपत्रित अधिकारियों द्वारा गश्ती दल से प्रत्यक्ष संवाद कर गश्त हेतु उन्हें रवाना किया गया। थानों में तैनात बल के अनुपात में रात्रिकालीन ड्यूटी हेतु पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता पाई गई। पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने बताया कि इस रात्रि निरीक्षण अभियान का उद्देश्य पुलिस थानों की आंतरिक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उनमें समयोचित सुधार करना था। Post navigation 37 भवनों काे जमींदोज किया, आगामी दिनों में यह कार्य निरंतर जारी रहेगा : कलेक्टर विवाद में तोड़ होने के बाद ताड़ी पी रहे थे ग्रामीण, करीब 10 बीमार, 4 को अस्पताल लाए