जितेंद्र वाणी नानपुर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर आलीराजपुर जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है। आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष अंगर सिंह चौहान पर राष्ट्रीय ध्वज की अवमानना का आरोप लगाते हुए नानपुर थाने में वैधानिक कार्रवाई की गई है। यह कदम पूर्व सरपंच नरपत सिंह चौहान द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और प्रसारित दृश्यों की प्रारंभिक जांच के बाद उठाया गया। अंगर सिंह चौहान ने 25 अगस्त को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं को जुटाने के मकसद से यह वीडियो संदेश जारी किया था। रिकॉर्डिंग के दौरान उनकी मेज पर रखा तिरंगा उल्टा दिखाई दिया, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक चर्चा में आ गया। नानपुर थाना प्रभारी राजेश डावर के अनुसार पुलिस ने शिकायत को आधार बनाते हुए राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा 2 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। वहीं दूसरी ओर अंगर सिंह चौहान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विरोधियों का राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। उनका कहना है कि वीडियो निर्माण के समय उनका छोटा बेटा खेलते हुए वहां पहुंचा और उसने अनजाने में ध्वज को मेज पर रख दिया, जिस पर व्यस्तता के कारण उनका ध्यान नहीं जा पाया। Post navigation शिव डोले में डंपर की चपेट में आए युवक को उपचार के लिए बड़वानी ले गए गणेश मंदिर के सामने रिटायर्ड शिक्षक के घर चोरों का धावा, एक आरोपी की मौत