अर्पित चौपड़ा, खवासा

अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर खवासा क्षेत्र में भी जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। मेरा गांव मेरी अयोध्या के तहत पूरे गांव में विभिन्न गतिविधियां हो रही है। ग्रामवासी बड़े ही उत्साह के साथ स्वेच्छा से “राम के काम” के लिए जुड़ रहे है।

पूरे गांव में राम नाम का लेखन

पूरे गांव में राम नाम का लेखन किया जा रहा है। युवाओं की टोली कस्बे के प्रत्येक गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले में जाकर दीवारों पर राम नाम का लेखन कर रहे है। भगवान राम के नाम के साथ राम मंदिर के चित्र को भी दीवारों पर उकेरा जा रहा है। 22 जनवरी तक रामभक्तों की तैयारी पूरे गांव को दुल्हन की तरह  सजाने की है।

भगवा ध्वज बने आकर्षण का केंद्र

कन्याशाला से मुख्य चौराहे तक सड़क के दोनों ओर भगवा ध्वज लगाकर आकर्षक सज्जा की गई है। पूरे कस्बे में भगवामय माहौल दिखाई दे रहा है। घर घर भगवा ध्वज लगाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।  प्रतिष्ठा महोत्सव जैसे जैसे निकट आ रहा वैसे वैसे रामभक्तों का उत्साह चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है।

बांटे अक्षत और निमंत्रण पत्र

सर्व हिन्दू समाज ने पिछले दिनों पूरे गांव में घर घर जाकर अयोध्या से आए पूजित अक्षत एवं निमंत्रण पत्र बांटे और 22 जनवरी को दीपावली मनाने का आग्रह किया। इस कार्य मे भी बच्चों, महिलाओं एवं युवकों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। राम का काम कर रही इस टोली का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। निमंत्रण कार्य को 4 दिन में पूरा किया गया।

निकल रही प्रभातफेरी

कड़ाके की ठंड भी रामभक्तों के उत्साह को कम नहीं कर पा रही है। स्थानीय संकट मोचन हनुमान मंदिर से प्रतिदिन प्रातःकाल 6 बजे प्रभातफेरी निकाली जा रही है जिसमे वाद्य यंत्रों के साथ भजन गाती मंडली पूरे ग्राम का भ्रमण कर गांव में धार्मिक वातावरण निर्मित कर रही है। कड़ाके की ठंड के बावजूद इसमें अच्छी संख्या में बच्चे, युवा एवं महिलाएं शामिल हो रही है। प्रभातफेरी में शामिल होने वालों के लिए प्रतिदिन चाय और बिस्किट की प्रसादी की व्यवस्था अलग अलग उदारमना व्यक्तियों द्वारा की जा रही है। इसके लिए इच्छुकों द्वारा हर दिन की एडवांस बुकिंग करवाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *