गरीबी को कभी पढ़ाई में बाधा मत बनने देना, भाजपा सरकार हर कदम पर विद्यार्थियों के साथ है : कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान

0

सोंडवा। प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने सोंडवा प्रवास के दौरान आवासीय कस्तूरबा कन्या शिक्षा परिसर के शासकीय छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, छात्राओं से आत्मीय संवाद किया तथा उनके लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच कर आवश्यक निर्देश दिए।

छात्राओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री चौहान ने कहा कि “कभी यह मत सोचना कि हम गरीब हैं, आगे कैसे पढ़ेंगे। भाजपा सरकार आपके साथ खड़ी है। आपके माता-पिता, आपको पढ़ाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं और पढ़ाई में हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने वाली सरकार का केवल एक ही लक्ष्य है कि प्रदेश का हर बच्चा निरंतर आगे बढ़े और अपने सपनों को साकार करे।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन और शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं स्कूटी जैसी प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति तथा किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए आवास भत्ते की व्यवस्था भी सरकार द्वारा की गई है।

 चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को दिल्ली में प्रवेश लेने पर प्रतिमाह ₹10,000 की सहायता देने की घोषणा की है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की सफलता में बाधा न बन सके।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है। अच्छी पढ़ाई करके ही युवा उच्च पदों पर पहुंच सकते हैं, सरकारी सेवाओं में चयनित हो सकते हैं, अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकते हैं और दूसरों को भी रोजगार देने योग्य बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि “पढ़ेंगे तो ही आगे बढ़ेंगे।”

कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों तक सीमित रखने की सलाह देते हुए कहा कि अनावश्यक मोबाइल उपयोग से पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।d

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं तथा छात्राओं से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को शासन की सभी सुविधाएं समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

औचक निरीक्षण एवं कन्याओं के साथ आत्मीय संवाद के दौरान वरिष्ठ नेता मांगीलाल रावत, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास माहेश्वरी, उमराली मंडल अध्यक्ष नानसिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.