मौसम के बदले मिजाज: दिनभर चली शीतलहर, फिर बदला मौसम..

- Advertisement -

सलमान शैख़, पेटलावद

आज मंगलवार को शहर में एक बार फिर मौसम में बदलाव आ गया। 3 दिन बाद मौसम ने ऐसी करवट ली है कि सब हैरान हो गए। सुबह जब लोगो की नींद खुली और जब उन्होनें दरवाजा खोला तो उनके सामने कोहरा ही कोहरा था। सुबह पांच बजे से छह बजे तक दृश्यता इतनी कम थी कि कुछ साफ नही दिख रहा था। हालांकि बाद में जैसे-जैसे समय चढ़ता गया दृश्यता बढ़ती चली गई।

धुंध से जमीन और वाहन हुए गीले:
धुंध के कारण जमीन और खड़े वाहन गीले हो गए। धुंध के साथ चली हवा के कारण ठंड ने सबको बेहाल कर दिया। स्कूली बच्चो को सुबह तैयार होने में काफी दिक्कत हुई। परीक्षाओं का समय होने से उन्हें स्कूल जाना भी जरूरी था। वे ठिठुरते हुए घर से निकले। सुबह के कोहरे के बाद दिनभर शीतलहर ने लोगो को परेशान किए रखा। सूर्यदेव की खिली हुई धूप भी गर्माहट नहीं दिखा पाई।
शहर में सुबह से ही सर्द हवा चलने से सर्दी का असर रहा।
इससे निपटने के लिए लोगों ने आग का सहारा लिया और गर्म कपड़े पहनकर घर से निकले। हालांकि तापमान में कोई ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है, लेकिन सर्द हवाएं चलने के कारण ठिठुरन पूरे दिनभर रही। शाम ढलते ही फिर सर्दी बढ़ गई। मौसम के मिजाज बदलते ही ठिठुरन बढ़ गई है।

फसलो को हो सकता है नुकसान:
मौसम में परिवर्तन होने से लोगों को काफी परेशानियां हुई। वहीं तापमान एक जैसा न रहने से फसलों को भी नुकसान हो सकता है। सोमवार रात ठंड ने जोर पकड़ लिया था, जिससे लोगों घरों में ठंड से बचने के लिए गर्म हीटरों का उपयोग किया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं 15 किलोमीटर प्रतिघंटा के हिसाब से चली, जिससे ही ठिठुरन हुई है और आने वाले तीन चार दिनों तक ऐसे ही हवाएं चलने के आसार है। हवाएं चलने से दिनभर ठंडक बनी रही। वहीं दिनभर ठंडी हवाएं चलने से कई लोग घर से ही नहीं निकले।

)