करवड़ में कपास से भरा आयशर ट्रक पलटा, चालक गंभीर घायल 

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया

0

शान ठाकुर, पेटलावद 

थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करवड़ के समीप शुक्रवार शाम कपास से भरा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के दौरान चालक के दोनों पैर ट्रक के नीचे फंस गए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही करवड़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि रतलाम-झाबुआ मार्ग पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर मार्ग संकरा और अव्यवस्थित हो गया है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी द्वारा कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.