आरीफ हुसैन, चन्द्रशेखर आज़ाद नगर

थाना आजाद नगर क्षेत्र के एक युवक की कुछ लोगों ने पीटकर हत्या कर दी। मामला ग्राम डूंगलावाणी का है। छोटा खुटाया के रहने वाले समेश पिता कसना उम्र 45 जाति मावी अपनी बड़ी बेटी के यहां ग्राम डूंगलावानी निचवास फलिया गया था। बेटी के पेट में दर्द होने की जानकारी मिलने के बाद जमाई ने उसे बुलाया था।

मृतक की बेटी सुरेखा और जमाई शंकर ने आरोप लगाया है कि बुधवार रात को कुछ लोग आए और समेश के साथ मारपीट करने लगे। उन्हें इतना पीटा कि समेश बदहवास हो गया। इसके बाद बेटी और दामाद उपचार के लिए चंद्रशेखर आजाद नगर रात में ही लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोपी ग्राम छोटी मालपुर बेहडा फलिया के बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर हत्या से गुस्साए परिजन ने पीएम के बाद शव ले जाने से मना कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। दोपहर 2 बजे तक शव पीएम रूम में ही पड़ा रहा। परिजन का कहना था जब तक पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ेगी तब तक शव को नहीं उठाएंगे। मौके पर डीएसपी आदित्य प्रताप सिंह, थाना प्रभारी वास्कले, चौकी प्रभारी सेजावाड़ा हरिशंकर पांटेल सहित पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामले में चौकी प्रभारी सेजावाड़ा हरिशंगर पांटेल पुलिस का कहना है मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही जानकारी सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *