सांसद कांतिलाल भूरिया ने किया रोड शो

May

झाबुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शहर कांग्रेस ने सांसद कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ पोल-खोल अभियान का आगाज किया। जिसमें प्रदेश कांग्रेस द्वारा नगर पालिका चुनाव हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक राजेश रघुवंशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल मेहता, सांसद प्रतिनिधि डॉ.विक्रांत भूरिया, पूर्व विधायक वीरसिंह भूरिया, जेवियर मेडा, गंगाबाई बारिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश डोशी, मानसिंह मेडा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमचंद्र डामोर आदि विशेष रूप से उपस्थित थे। समस्त कांग्रेस संध्या 7 बजे बस स्टैंड स्थित फव्वारा चौक पर उपस्थित हुए तथा वहां से एक विशाल रैली के रूप में रोड शो करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता हाथ में पार्टी का झंडा लिए तथा भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारे लगाते हुए राजवाडा चौक पहुंचे। सांसद कांतिलाल भूरिया के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी नगर के नागरिकों से रूबरू हुए तथा उनसे भाजपा की जनविरोधी नीतियों से होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। रोड शो बस स्टैण्ड से प्रारंभ होता हुआ थांदला गेट, बाबेल चौराहा, आजाद चौक, नेहरू मार्ग, राधाकृष्ण मार्ग, रूनवाल बाजार, लक्ष्मी बाई मार्ग होते हुए राजवाडा पहुंचा। इस दौरान नागरिकों द्वारा जगह-जगह सांसद भूरिया एवं रैली का स्वागत किया गया। रूनवाल बाजार चौराहे पर आदिनाथ राजेन्द्र चौराहा मित्र मंडल द्वारा सांसद कांतिलाल भूरिया को सांफा बांध कर एवं हार पहनाकर स्वागत किया गया। राजवाड़ा में आयोजित विशाल रैली एवं जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सांसद कांतिलाल भूरिया ने भाजपा के राज में हर स्तर पर किए जा रहे भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए कहा कि भाजपाराज में आमजन पूरी तरह त्रस्त है। भाजपा सरकार के मुखिया, मंत्री, विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष, भाजपा नेताओं एव उनसे जुड़े हुए लोग पूरे प्रदेश में जनता के साथ विभिन्न प्रकार के छल कपट कर उनके साथ विश्वासघात कर रहे है।
प्रदेश की जनता परेशान : सांसद भूरिया
प्रदेश के अन्नदाता किसान से लेकर सरकारी कर्मचारी, मजदूर वर्ग, महिलाएं एवं बच्चे भी इस सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान होकर अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे है। प्रदेश-जिले एवं गांव में भाजपा के राज में ऐसा कोई मंच नहीं है जहां से भ्रष्टाचार की गंध ना आती हो। शहर हो या गांव-मोहल्ला हो या फलिया जहां देखो वहां भ्रष्टाचार एवं रिश्वत का मामला उजागर हो रहा है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य भी नहीं प्राप्त हो रहा है। आए दिन किसान कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या को मजबूर हो रहा है एवं उनके बच्चों को भूखे मरने की नौबत आ रही है। इस मामले मे पूरा प्रशासन मौन साधे हुए है। भीषण गर्मी एवं शासन-प्रशासन की उदासीनता के कारण शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पीने का पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। शहरी क्षेत्र में जहां मटमेला पानी पीने को लोग मजबूर है वहीं ग्रामीणों क्षेत्र के लोग पोखरों एवं गड्ढों में भरे पानी को पीने को मजबूर है। प्रधानमंत्री के नोटबंदी के तुगलकी फरमान से जनता आज भी त्राहीमाम कर रही है। झाबुआ नगर के हालात भी आप लोगों के सामने है। नगर में कई जगह पक्की सडक़ों का अभाव है। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे खुदे पड़े है। नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। नगर की लाइफ लाइन उत्कृष्ट रोड के निर्माण में भी करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार हुआ है। जिससे वहां अभी से जगह-जगह गड्ढे हो गए है। झाबुआ से देवझिरी के बीच में एवं झाबुआ से कल्याणपुरा के बीच में बन रहे रोड की दुर्दशा भी आपके सामने है। ठेकेदार भी भाजपा नेताओं के द्वारा कमीशन मांगे जाने पर वे काम छोडकर भागने को मजबूर हो रहे है। ऐसे में यह सरकार भगवान भरोसे ही चल रही है। आने वाले चुनाव में हम सब मिलकर कांग्रेस की परिषद बनाए जो पूरी तरह ईमानदार एवं निष्पक्षता से इस क्षेत्र को भ्रष्टाचार मुक्त कर विकास हेतु तत्पर रहे। प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षक राजेश रघुवंशी ने सभा को संबोधित करते हुएकहा कि भाजपा के राज में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है तथा विकास के नाम पर कोरी कागजी कार्रवाई की जा रही है। जनता की कमाई का करोड़ो रूपया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। प्रदेश एवं जिले में कानून व्यवस्था जर्जर हो चुकी है। आम आदमी की मूलभूत सुविधा बिजली, पानी और सड़क़ को देने में भाजपा सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। प्रदेश में बेरोजगारी बड रही है आज का पडा लिखा युवा रोजगार के अभाव में आत्महत्या करने को मजबूर हो रहा है किंतु सरकार की नींद नहीं खुल रही है। आने वाले चुनाव में निक्कमी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने एवं आम गरीबों, मजदूरों एवं सर्वहारा वर्ग के उत्थान हेतु कार्य करने वाली कांग्रेस पार्टी को जीताना है, जो सही अर्थों में पूरी ईमानदारी से क्षेत्र, राज्य एवं देश के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहती है।
100 करोड़ खर्च लेकिन धरातल पर नहीं
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल मेहता ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा नेताओं एवं जप्रतिनिधियों द्वारा इस क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करने की बात कही जा रही है लेकिन धरातल पर इसका कहीं भी असर देखने को नहीं मिल रहा है। विकास के नाम पर भाजपा के लोग करोडों रूपये का भ्रष्टाचार कर अपनी जेबे भरने में लगे हुए है। झाबुआ नगर पालिका की हालात इतनी खस्ता है कि महिलाएं नगर में भी स्वच्छंद होकर घूम नहीं पाती है। बच्चों के मनोरंजन के लिए शहर में एक नेहरू पार्क हुआ करता था वहां पर सब्जी मंडी बना दी गइ जिसकी हालत भी जर्जर है। उद्यान के नाम पर करोडों रूपये का भ्रष्टाचार हुआ है। किंतु अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर के मध्य में स्थित राजवाडा चौक पर लगे फव्वारे, विजय स्तंभ के फव्वारे गायब हो चुके हैं। जिनकी लागत करोडों रूपये थी आज उनका नामोनिशान नहीं है। तालाबों के सौंदर्यकरण के नाम पर भी करोड़ों रुपए भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए किंतु तालाब की स्थित में कोई सुधार नहीं है। कुल मिलाकर भाजपा के राज में जनता दुखी एवं त्रस्त है। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष बंटू अग्निहोत्री ने किया एवं आभार लोकसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भूरिया ने माना। इस अवसर जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे।