राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में झाबुआ ने रचा कीर्तिमान, 102.8% बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

0

झाबुआ । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 में झाबुआ जिले ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 28 से 30 जून तक चले अभियान में जिले ने निर्धारित 2,13,504 बच्चों के लक्ष्य के मुकाबले 2,19,550 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर 102.8 प्रतिशत कवरेज प्राप्त किया। अभियान के पहले दिन जिलेभर के बूथों पर 1,05,431 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन किया और उन्हें भी पोलियो की दवा पिलाई। इसी रणनीति के चलते जिला निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा।

अभियान के दौरान एक बच्चे की पोलियो की दवा पिलाने के कुछ समय बाद हुई मृत्यु की घटना के बाद सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित होने से कुछ क्षेत्रों में अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई, जिससे स्वास्थ्य टीमों को घर-घर अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल पोस्टमार्टम और आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बच्चे की मृत्यु पोलियो वैक्सीन से नहीं, बल्कि श्वसन मार्ग में दूध/तरल पदार्थ चले जाने (Aspiration) के कारण हुई थी। विभाग ने पोलियो वैक्सीन से मृत्यु की आशंका को पूरी तरह निराधार बताया। इन परिस्थितियों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जनजागरूकता और सतत प्रयासों के माध्यम से प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित कर अभियान को सफल बनाया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह सफलता कलेक्टर डॉक्टर योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एम.एल चोपड़ा के मार्गदर्शन में मिली।अभियान में जिला टीकाकरण अधिकारी, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आशा सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समर्पण, टीम भावना और अथक परिश्रम से ही झाबुआ जिला 102.8 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर सका। उन्होंने भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में इसी प्रकार के सहयोग और समन्वय की अपेक्षा जताई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.