भारत की जनगणना 2027: रामा में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

0

झाबुआ डेस्क। भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत की जनगणना 2027’ के अंतर्गत तहसील रामा, जिला झाबुआ में पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का शुभारंभ 19 अप्रैल 2026 को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामा में विधिवत रूप से किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चार्ज अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार सुश्री वैशाली सोलंकी के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में संपन्न हो रहा है।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक तकनीकी तथा व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी एवं नायब तहसीलदार श्री बालकिशोर साल्वी तथा कार्यालय कानूनगो श्री प्रताप सिंह सोलंकी का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। इस प्रशिक्षण को अत्यंत प्रभावी बनाने में मास्टर ट्रेनर्स श्री रमेश परमार, श्री अबरार खान, श्री सूरज सोलंकी, डॉ. भूरसिंह निगवाल, डॉ. दलीप सिंह सिंगार, प्रो. केशर सिंह ठाकुर एवं संकुल प्राचार्य श्री के. एल. परमार अपने अनुभव और ज्ञान से महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान चार्ज अधिकारी वैशाली सोलंकी ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सटीकता ही देश की भावी योजनाओं और विकास की दिशा निर्धारित करती है, इसलिए सभी अपना दायित्व पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएं। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय कार्य को सफलतापूर्वक और पूर्ण समर्पण के साथ संपन्न करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.