हाथीपावा पहाड़ी पर 12 कार्यकर्ता बनाएं 25 हजार कंटूर ट्रेंच

- Advertisement -

झाबुआ लाइव डेस्क। शिवगंगा द्वारा शिवजी का हलमा कार्यक्रम का भव्य आयोजन 14 एवं 15 मार्च को किया जाएगा। जिसकी व्यापक पैमाने पर तैयारियां की जा रही है। शहर के कॉलेज मैदान पर भगवान भोलेनाथजी की सुंदर झांकी का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही भव्य पांडाल बनाने का कार्य भी जोर-शेर से जारी है। 14 मार्च को कॉलेज मैदान से गेती यात्रा निकाली जाएगी। पश्चात् भव्य धर्मसभा का आयोजन होगा। 15 मार्च को सुबह हाथीपावा की पहाडिय़ों पर करीब 12 हजार कार्यकर्ताओं द्वारा लगभग 25 हजार कंटूरों का निर्माण किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शिवंगगा के राजाराम कटारा एवं भंवरसिंह भयडिय़ा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम शिवगंगा प्रमुख महेश शर्मा के नेतृत्व में हो रहा है। जिसके तहत इन दिनों कार्यक्रम में हिस्सा लेने कार्यकर्ताओं का पंजीयन कार्य चल रहा हे। उन्हें अलग-अलग रंगों के पंजीयन बेंच प्रदान किए जा रहे है। कार्यकर्ताओं के लिए भोजन का प्रबंध किया जा रहा है। जिसमें शहरी कार्यकर्ता राजेश मेहता, उल्लास जैन, सुशील शर्मा, विकास शाह, पंकज मेहता, विकास कटारिया, महेश शाह, पंकज टेलर, अजय पंवार, अब्दुल रहीम ‘अब्बू दादा आदि लगे हुए हुए है।
शिवगंगा के प्रकाश मखोडिय़ा एवं सुरेश चुंडावत ने बताया कि कॉलेज मैदान पर आयोजन की व्यापक तैयारियां की जा रहीं है। करीब 40 हजार वर्गफिट में पांडाल का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही मैदान पर भगवान शिवजी की मनमोहक झांकी भी बनाई जा रही है। झांकी में मंदिर में शिवलिंग बनाया गया है, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। यह झांकी इंदौर के सुप्रसिद्ध कलाकार मलंकरजी द्वारा तैयार की गई है।
जल संरचनाओं का करेंगे निर्माण
15 मार्च को रात्रि विश्राम कॉलेज मैदान पर करने के पश्चात् सुबह 7 बजे सभी 12 हजार कार्यकर्ता हाथीपावा की पहाडिय़ों पर पहुंचेंगे। जहां दोपहर करीब 12 बजे तक उनके द्वारा पहाडिय़ों पर जल संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को 10 भागों में बांटा जाएगा और वे अपने निर्धारित ध्वज के अनुसार वहां पहुंचकर श्रमदान कर कंटूरों का निर्माण करेंगे। पुराने कंटूरों का भी पुर्न निर्माण किया जाएगा। इस दौरान करीब 25 हजार कंटूरों का निर्माण किया जाएगा। जिसमें बारिष के दौरान हजारों गैलन पानी एकत्रित होगा।
यह है मुख्य अतिथि
शिवजी का हलमा कार्यक्रम में कनेरी मठ (महाराष्ट्र) से काडसिद्धेश्वर स्वामीजी, ग्राम सेमल्या से कानूजी महाराज, भारत विकास संगम के राज्यसभा सदस्य बसवराजजी पाटिल के अलावा इंदौर, गुजरात, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ से करीब 70 विशेष आमंत्रित सदस्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा उक्त कार्यक्रम में राजनैतिक पार्टियों से जुड़े पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य, मीडियाकर्मी, अधिकारी-कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक भी अपनी सहभागिता करेंगे।
शहर में निकाली जाएगी विशाल गेती यात्रा
3 मार्च को शाम 4 बजे तक जिलेभर से शिवगंगा के कार्यकर्ताओं का कॉलेज मैदान पर जमावड़ा होगा। सभी कार्यकर्ता रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। इसके पश्चात् 14 मार्च को शाम करीब साढ़े 4 बजे यहां से गैती यात्रा निकाली जाएगी। जो शहर के कॉलेज मार्ग, राजवाड़ा चौक, लक्ष्मीबाई मार्ग, रूनवाल बाजार, थांदला गेट, मेन बाजार, बस स्टैंड होते हुए पुन: मेन बाजार, थांदला गेट, बाबेल चौराहा, आजाद चौक, भोज मार्ग होते हुए समापन कॉलेज मैदान पर होगा। पश्चात् यहां धर्मसभा होगी। धर्मसभा को शिव गंगा प्रमुख महेश शर्मा एवं अन्य संतों द्वारा संबोधित किया जाएगा। रात्रि साढ़े 9 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिसमें अंर्तराष्ट्रीय कलाकार बाबा सत्यनारायण मोर्यजी द्वारा भीली भाषा में अपनी प्रस्तुति देंगे।