नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष को चुनाव लडऩे से किया अयोग्य घोषित

- Advertisement -

शिक्षकों की भर्ती में हुआ फर्जीवाड़ा साबित, महिला की जगह की पुरूष की भर्ती जांच में सामने आया
झाबुआ लाइव के लिए पेटलावद से हरीश राठौड़ की रिपोर्ट-
पेटलावद नगर के तत्कालीन नगर परिषद अध्यक्ष मनोहर भटेवरा और उपाध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी सहित तीन पार्षद मोताबाई सतोगिया, मधुबाला मेहता और राधु गामड को 6 माह तक चुनाव लडने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। यह आदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सचिव नीतेश व्यास ने दिया है। इसके साथ ही तत्कालीन प्रभारी सीएमओ अशोक कुमार चौहान की दो वेतन वृद्वियां असंचयी प्रभाव से रोके जाने का आदेश दिया है।
क्या है मामला
वर्ष 1998 में शिक्षाकर्मी भर्ती के दरम्यान निर्धारित शैक्षणिक अर्हता के विपरीत शिक्षाकर्मियों की नियुक्तियां की गई थी साथ ही महिला आरक्षित पद पर पुरूष की भर्ती की गई थी। जिस पर लोकायुक्त कार्यालय में एक शिकायत दर्ज की गई थी। जिसका क्रमांक 232-2000 ाहै। उक्त शिकायत की जांच हेतु संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास मप्र के आदेश क्र 62286, 28 अगस्त 2012 द्वारा 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था। जांच समिति ने प्रतिवेदन संचालनालय को प्रस्तुत किया गया। जिसमें तत्कालीन अध्यक्ष मनोहर भटेवरा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी और प्रभारी सीएमओ अशोक कुमार चौहान को भी उत्तरदायी पाया गया। जांच प्रतिवेदन में बताया गया कि नगर पालिका शिक्षाकर्मी नियम 1998 की अनुसूची दो में वर्णित शिक्षाकर्मी वर्ग 2 के लिए निर्धारित शैक्षणिक अर्हता के विपरीत शोभाराम बघेल, दयाराम गामड और पर्वत सिंह वसुनिया को नियुक्ति प्रदान की गई है।
महिला आरक्षित पद पर पुरूष की भर्ती
जांच में यह भी सामने आया की महिला अनुसूचित जनजाति हेतु आरक्षित एक पद पर पुरूष की भर्ती की गईग्। इस पद पर पर्वतन सिंह वसुनिया जो की पुरूष है का चयन कर नियुक्ति प्रदान की गई। इस प्रकार मप्र नगर पालिका शिक्षाकर्मी नियम 1998 में उल्लेखित प्रावधानों के विपरीत कार्रवाई होने से तत्कालीन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रभारी सीएमओ सहित तीन अन्य लोग दोषी पाए गए है। जिस पर सचिव नितेश व्यास ने 15 सितंबर 2016 को दिए आदेश में कहा की उक्त कृत्य के लिए मप्र नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 35- क के तहत तत्कालीन नप अध्यक्ष मनोहर लाल भटेवरा और उपाध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी को आगामी 6 माह के लिए चुनाव लडऩे के लिए अयोग्य घोषित किया जाता है।