सलमान शैख/ पेटलावद
निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 195- पेटलावद के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक अशेष राजेश रेवार और सहायक व्यय प्रेक्षक रमेशचंद्र मीणा ने नगर परिषद सभाकक्ष में निर्वाचन लडने वाले अभ्यर्थियों के व्यय लेखा रजिस्टर की जांच की।
व्यय प्रेक्षक श्री रेवार ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा की निर्वाचन में हिस्सा लेने वाले प्रत्याशियों के लिए व्यय हेतु एक निश्चित सीमा निर्धारित की गई है, तय सीमा में ही खर्च करें।
इस दौरान उन्होंने बताया की जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन लडने वाले सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर संधारित व्यय लेखा रजिस्टर, समस्त व्हाऊचर, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन तीन चरणों में किया जाना है। उन्होंने बताया की निर्वाचन व्यय लेखा में अक्षम रहने वाले अभ्यार्थी को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा, पुनः जानकारी उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में अभ्यार्थी को अयोग्य घोषित किए जाने का अधिकार भारत निर्वाचन आयोग को रहेगा।
निर्वाचन नियमों के तहत प्रत्येक अभ्यार्थी द्वारा नाम निर्देशन दाखिल करते समय रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिए गए व्यय रजिस्टर में निर्वाचन व्यय का दैनिक लेखा बनाने एवं प्रचार अवधि के दौरान कम से कम तीन बार निर्वाचन व्यय प्रेक्षक के समक्ष अवलोकन हेतु प्रस्तुत करना अपेक्षित है। इस अवसर रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम अनिल राठौर, सीएमओ आशा भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *