एक साथ मृत अवस्था में मिले 16 जीव , मचा हड़कंप

- Advertisement -

लोकेन्द्र चाणोदिया बामनिया

बामनिया के रतलाम रोड़ पशु चिकित्सालय के समीप 14 कुत्ते, 1 बिल्ली और 1 मुर्गा मृत अवस्था में मिलने की सूचना पर सनसनी फैल गई। एक साथ एक स्थान पर इतने जीवों के मरने की खबर से बामनिया के जीवदया प्रेमियों में आक्रोश व्याप्त है। जीवदया प्रेमियों का कहना है कि प्रशासन को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना चाहिए।

जीवदया प्रेमियों ने जहर देकर मूक जीवों को मारने की आशंका जताई है। जीवदया प्रेमी संजय लुणावत और मनोज जैन ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मूक जीवों के प्रति इस तरह का बर्ताव कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रशासन को मृत जीवों का पोस्टमार्टम करवा कर वास्तविक कारणों को सार्वजनिक करना चाहिए। स्वीपर सुनील धंदोर (गल्लू) ने बताया कि पंचायत सचिव मुन्ना अरड की सूचना पर मृत जीवों को उठाया गया है जिन्हें ग्राम पंचायत के ट्रैक्टर द्वारा ट्रेचिंग ग्राउंड पर रखवाया गया है।

मामले को दिखवाता हूँ। उसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
– आईएएस अनिल राठौर
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, पेटलावद

सोहनलाल जैन के माध्यम से सूचना मिली थी। एक साथ इतने जीवों का मरना जांच का विषय है।
रामकन्या संजय मखोड़
सरपंच, ग्राम पंचायत, बामनिया

पॉयजनिंग के कारण जीवों के मरने की संभावना हो सकती है। पोस्टमार्टम के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।
-धर्मेंद्र सिंह चूंडावत
पशु चिकित्सक, बामनिया