इरशाद खान, बरझर
पीएम श्री हाई सेकेंडरी स्कूल बरझर के प्रभारी प्राचार्य केशव सिंह सोलंकी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय प्रांगण में स्टाफ द्वारा एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आजाद नगर भाबरा के बीईओ विनोद कुमार कोरी और बीआरसी राजेंद्र बैरागी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए बीईओ विनोद कुमार कोरी ने कहा कि संस्था में सोलंकी जी द्वारा किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने पूरी लगन और मेहनत से काम किया है। वे जहां भी पदस्थ रहे, उनकी कार्यशैली उत्कृष्ट रही। उन्होंने कामना की कि जिस सक्रियता के साथ उन्होंने स्कूल में सेवाएं दीं, वैसी ही सक्रियता के साथ वे अपना पारिवारिक जीवन भी व्यतीत करें। वहीं, ग्राम सरपंच हिमसिंह बारिया ने प्रभारी प्राचार्य की सेवाओं को सराहनीय बताते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद धार्मिक कार्यों के साथ-साथ राजनीति से जुड़ने की भी सलाह दी।
