प्रभारी कलेक्टर चौधरी ने महिला बाल विकास विभाग के 6 परियोजना अधिकारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर दिया शोकॉज नोटिस

झाबुआ। जिले के प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी ने एकीकृत बाल विकास सेवा के तहत संचालित आंगनाड़ी केंद्रों पर निर्धारित समय सीमा में कार्य नहीं करने व वितरण में लापरवाही बरतने के कारण 6 परियोजना अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी किया। इनमें पेटलावद की प्रभारी जयबाला भालेवाड़ीकर, थांदला के एमएस कनेल, मेघनगर की वर्षा चौहान, झाबुआ की मीरा गाडगे, रामा की चंदू चौहान व राणापुर के नंदकिशोर घनोतिया शामिल है। इसके बाद प्रभारी कलेक्टर अनुराग चौधरी ने जिले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए कि आंगनवाड़ी केंद्रं पर भोजन, नाश्ता वितरण नियमित किया जाए। इसी के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों का वजन प्रत्येक माह लिया जाकर उनकी ग्रोथ भरी जाए। वही आंगनवाड़ी केंद्रों में 1 से 6 वर्ष के बच्चों की उपस्थिति 90 फीसदी होने के निर्देश जारी किए। इस दौरान प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि स्कूल पूर्व शिक्षा समय सारणी अनुसार बच्चों को दी जाए। प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में पोषण आहार सप्ताह मनाया जा रहा है इसके लिए शासन के निर्देशानुसार आंगनवाड़ी केंद्र 8.30 बजे, नाश्ते का समय, खाने से पहले, बच्चों की छुट्टी के दौरान एक दिन में चार बार घंटी बजाई जाए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के आधार कार्ड 100 फीसदी बना लिए जाए। इन कार्यो में लापरवाही बरतने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी कलेक्टर चौधरी ने कहा कि एनआरसी में लक्ष्य के मुताबिक बच्चों को भर्ती करवाया जाए अन्यथा कार्य में लापरवाही बरतने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका तथा पर्यवेक्षक पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।