वीरेंद्र बसेर, घुघरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को विकासखंड पेटलावद के उप स्वास्थ्य केंद्र पंथ बोराली, टेमरिया एवं घुघरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप स्वास्थ्य केंद्र पंथ बोराली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और स्वास्थ्य अमले की क्षमता संवर्धन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि चिकित्सकों के माध्यम से कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) को नियमित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। इसके लिए सभी चिकित्सक अपने विषय से संबंधित प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करें, जिससे सीएचओ की कार्यक्षमता एवं चिकित्सकीय दक्षता में वृद्धि हो और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गर्भवती महिलाओं की पोषण संबंधी जानकारी और स्थिति का रिकॉर्ड संधारित करने के लिए न्यूट्रिशन हिस्ट्री बुकलेट तैयार करने को कहा, जिससे गर्भावस्था के दौरान उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। इसके अलावा उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र के बाहरी परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने, पेवर ब्लॉक लगाने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र टेमरिया का निरीक्षण किया। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्राप्त करने के बाद केंद्र में उपलब्ध बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की कलेक्टर ने सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों को निरंतर बनाए रखने पर जोर दिया। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का भी निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, घुघरी के सीएचओ द्वारा मुख्यालय पर निवास करने पर उनकी प्रशंसा की। इसके बाद कलेक्टर ने घुघरी हाई स्कूल का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर संवाद किया तथा अतिथि शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रीतिका पाटीदार और ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर अंतिम सोलंकी भी साथ थे। Post navigation खेल प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों ने किया मंदिर और पुलिस थाने का भ्रमण