आलीराजपुर। जोबट शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोबट, जिला अलीराजपुर में आयोजित तीन दिवसीय युवा उत्सव का उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एल. चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न साहित्यिक, रूपांकन और सांस्कृतिक विधाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

तीन दिनों तक चले इस उत्सव के दौरान विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बौद्धिक एवं साहित्यिक विधाओं के तहत प्रश्न मंच, वाद-विवाद और भाषण (वक्तृता) प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं, रचनात्मक एवं ललित कलाओं में विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण, मेंहदी, रांगोली, क्ले मॉडलिंग, चित्रकला और फोटोग्राफी के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता को उकेरा। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक मंच पर एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य एवं समूह लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दीपक कुमार डावर और समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र सिंह सिसोदिया ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बताया गया कि महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय युवा उत्सव में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन युवा उत्सव प्रभारी डॉ. वीर सिंह बरडे एवं प्रो. योगिता राठडिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रदीप सिंह डावर ने प्राचार्य, सहायक प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

“युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है तथा उनमें सांस्कृतिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है।”

डॉ. जी.एल. चौहान, प्राचार्य

मुख्य आकर्षण

• प्रश्न मंच, वाद-विवाद, गायन, नृत्य व चित्रकला सहित विविध प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता।

• विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण और जिला स्तर के लिए चयन।

• पूरे परिसर में रचनात्मकता और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *