शान ठाकुर, पेटलावद

माही परियोजना के अंतर्गत रबी सीजन की सिंचाई के लिए बुधवार को माही मुख्य बांध से नहर में पानी छोड़ दिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:30 बजे नहर का गेट खोलकर पानी की आपूर्ति शुरू की गई। इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिलना शुरू हो गया है। इस वर्ष करीब 110 गांवों को सिंचाई का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

माही परियोजना के अंतर्गत इस रबी सीजन में कुल 22,670 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एसडीओ धीरज जामोद के अनुसार माही मुख्य बांध की कुल उपयोगी जल संग्रहण क्षमता 135.60 मिलियन घन मीटर है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 447.75 मीटर तथा जीवित जल संग्रहण 70.22 मिलियन घन मीटर है, जो कुल क्षमता का 51.79 प्रतिशत है।

किसानों को अधिकतम दो बार मिलेगा पानी
बांध में उपलब्ध जल संग्रहण और किसानों की मांग को देखते हुए आयोजित बैठक में अधिकतम दो बार सिंचाई के लिए पानी देने का निर्णय लिया गया है। निर्धारित चक्र के अनुसार किसानों को पहला पानी पूर्ण रूप से उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि दूसरे पानी की उपलब्धता बांध में शेष जल संग्रहण की स्थिति पर निर्भर करेगी।

चना सहित कम पानी वाली फसलें लगाने की अपील
एसडीओ धीरज जामोद ने किसानों से अपील की है कि बांध में पानी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए किसान कम पानी में तैयार होने वाली फसलों, विशेषकर चना आदि की बुवाई को प्राथमिकता दें। इससे उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग होगा और अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सकेगा।

नहर किनारे रहने वाले ग्रामीण बरतें सावधानी
नहर में पानी का प्रवाह शुरू होने के साथ ही नहर किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। बच्चों को नहर के आसपास नहीं जाने देने, नहर में नहाने या उतरने से बचने तथा पशुओं को नहर के पास खुला नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नहर के तेज बहाव को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है।
माही परियोजना एवं प्रशासन की ओर से किसानों से निर्धारित सिंचाई चक्र के अनुसार ही पानी का उपयोग करने और अनावश्यक बर्बादी रोकने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *